बांका में व्यवसायी के बेटे की हत्या, अवैध संबंध में हुई वारदात

  • मर्डर कर कार को जलाया; किराएदार की बेटी से था अफेयर, भाई और पति ने मिलकर मार डाला

बांका। बिहार के बांका जिले में किराएदार की शादीशुदा बेटी से अवैध संबंध में व्यवसायी के बेटे आशीष मोदी की हत्या कर दी गई। मृतक आशीष पेशे से पीएचईडी कॉन्ट्रैक्टर था, और रविवार से गायब था। सोमवार शाम पुलिस ने 12 घंटे के भीतर उसका शव सुईया थाना क्षेत्र से एक जले हुए कार से बरामद किया है। आशीष का शव भी पूरी तरह से जल गया है। मामला अलीगंज मोहल्ले का है। पुलिस का मानना है कि आशीष की हत्या कर उसके शव को डिक्की में डालकर कार को जला दिया गया है। शव भी पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान कार भी धू-धू कर जल गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में शामिल मुख्य आरोपी गोलू को पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा कि घटना को अंजाम देने के बाद बचने के लिए लड़की के भाई गोलू कुमार और पति सहित अन्य आरोपी ने कार के अंदर पीएचईडी कॉन्ट्रैक्टर के शव को रखकर उसमें आग लगा दी। जिसमें कार सहित बॉडी दोनों जलकर नष्ट हो गई।
रविवार से गायब था आशीष, लड़की के भाई पिता ने की हत्या
बताया जाता है कि अशोक मोदी बेटे आशीष मोदी रविवार की सुबह से गायब था। घर वालों ने जब काफी खोजबीन की, लेकिन आशीष का कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद परिजनों ने शाम को बांका थाने में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बांका पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई थी। सोमवार देर रात सूचना पर पुलिस ने बांका के सुईया थाना क्षेत्र स्थित गड़वा जंगल से जली हुई कार के अंदर से जला हुआ शव बरामद किया। आशीष का शादी 31 जनवरी 2023 को कहलगांव में हुई थी। आशीष पिता का इकलौता बेटा था। उनकी पत्नी सीमा कुमारी चेकअप के लिए डॉक्टर के पास कहलगांव गई है। वहीं आशीष मोदी के पिता को हार्ट अटैक आया था, जिसके कारण परिवार के लोग कोलकाता इलाज करने के लिए गए हुए थे। आशीष मोदी घर में अकेला था, जिसका फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया गया। आशीष मोदी 2022 से अशोक झा के किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। बताया जा रहा कि 2022 से ही किराएदार के बेटी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। यहां तक गोलू झा की बहन की शादी में पूरा खर्च मृतक आशीष मोदी ने उठाया था।
होली से ही मारने की प्लानिंग चल रही थी
गिरफ्तार आरोपी गोलू कुमार ने बताया कि होली से ही आशीष को मारने की प्लानिंग थी, लेकिन सफल नहीं हो पाए थे। गोलू ने एक पेट्रोल पंप से 4 लीटर पेट्रोल खरीदा था। हत्या के बाद शव कार की डिक्की में रखने के बाद गोलू उसे बांका के समुखिया मोड़ छुपाने के लिए लेकर गया था, लेकिन वहां जुगाड़ नहीं लग पाया। इसके बाद अमरपुर थाना क्षेत्र के जेठौर पहाड़ी के पास गया। वहां पर भी जुगाड़ नहीं लग पाया। फिर सुईया थाना क्षेत्र के गडुआ जंगल लेकर गया, जहां कार में रखे शव को आग लगा दी।
किराएदार की शादीशुदा बेटी से था अवैध संबंध
एसडीपीओ विपिन बिहारी ने बताया कि आशीष मोदी का अपने ही किराएदार की शादीशुदा बेटी के साथ अवैध संबंध था। इसकी जानकारी लड़की के भाई और पति को मिलने के बाद योजना बनाकर उन्होंने पहले आशीष मोदी का अपहरण किया, फिर उसकी हत्या कर दी। किराएदार अशोक झा के बेटे गोलू कुमार को पुलिस ने जब हिरासत में लिया, तब पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
हत्या के बाद भाग गया था देवघर
पीएचईडी संवेदक की हत्या करने के बाद गोलू देवघर भाग गया था। पुलिस के दबिश के बाद गोलू बांका जंक्शन पर जैसे ही उतरा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसने एक-एक कर घटना से संबंधित सभी बात को बताया। इसके बाद पूरे मामले का उद्भेदन हो सका। भाई गोलू के साथ महिला का आरोपी पति झारखंड के जमशेदपुर निवासी गौरी शंकर ने मिलकर घटना को अंजाम दिया है। एसडीपीओ विपिन बिहारी ने बताया कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी किराएदार के बेटे गोलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। किराएदार का दामाद सहित अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।

About Post Author

You may have missed