जीतन राम मांझी का जनता दरबार : लोगों की शिकायतें सुन त्वरित कार्रवाई के लिए पदाधिकारियों से की बात

पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) का आज से हर मंगलवार को जनता दरबार की शुरूआत पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी के आवास पर हुई। जनता दरबार में जीतन राम मांझी ने लोगों की शिकायतों को सुना और त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों से बात की। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव व बिहार सरकार में लघु जल संसाधन एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. संतोष कुमार, विधायक ज्योति मांझी, प्रफुल्ल मांझी, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. दानिश रिजवान, प्रदेश अध्यक्ष बीएल वैश्यन्त्री शामिल हुए।
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि पार्टी का निर्माण 6 वर्ष पूर्व गरीबों और दलितों की समस्याओं के निदान को ध्यान में रखकर और उनके हितों की रक्षा के लिए की गई। आज सुबह से ही जनता दरबार में अपनी समस्याओं को लेकर लोग बड़ी संख्या में आए और अपनी-अपनी समस्याओं से हमें अवगत कराया। हम उन सभी की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। बहुत सारे लोगों की समस्याओं का हल संबंधित पदाधिकारियों से बात कर की गई। हम सरकार में हैं और हमारी जवाबदेही है कि गरीबों की समस्याओं का निदान हो, इसके लिए हर मंगलवार को जनता दरबार लगाने का पार्टी ने निर्णय लिया है। ऐसे आमतौर पर हम जब भी पटना में रहे, जिनकी भी समस्याएं होती हैं हम उसका निदान के लिए पूरा प्रयास करते हैं और संभवत उनकी समस्याएं दूर भी होती हैं, जिसका परिणाम है कि लोग हमारे पास अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं।
मांझी ने कहा कि आज जितनी भी रजिस्ट्रेशन के माध्यम से समस्याएं आई हैं, उन समस्याओं का हल होगा। यह मैं विश्वास दिलाता हूं कि संबंधित शिकायत जो आए हैं, उन सभी को मैं अपने पत्र के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों को सूचित कर उनके निष्पादन के लिए कहूंगा और हमें उम्मीद है कि लोगों की समस्याएं दूर होंगी।
इधर, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दानिश रिजवान ने बताया कि जनता दरबार में आने वाले सभी लोगों का रजिस्ट्रेशन मांझी के आवास पर किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित जनता दरबार में आए हुए सभी लोगों ने जीतन राम मांझी एवं पार्टी के नेताओं के पास अपनी बातों को रखा, जिसे गंभीरतापूर्वक सुनने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पार्टी के नेताओं द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को फोन कर उनकी समस्याओं को दूर करने हेतु उचित निर्देश मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के द्वारा दी गई।

About Post Author

You may have missed