सफाई कर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल पर निर्णायक दौर की वार्ता कल, प्रधान सचिव ने हड़ताल को अविलंब समाप्त करने की अपील की

  • हड़ताली यूनियन के नेताओं के साथ प्रधान सचिव आनंद किशोर ने की वार्ता, सभी मांगों पर की बिंदुवार समीक्षा

पटना। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने सफाई कर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल के मद्देनजर शनिवार को हड़ताली यूनियन के नेताओं के साथ कार्यालय में वार्ता की। लगभग 2 से 5 घंटे तक चली गहन वार्ता में प्रधान सचिव ने संघ के द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों की बिंदुवार समीक्षा की। प्रधान सचिव ने यूनियन के नेताओं से कहा कि आपकी विभिन्न मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है। यूनियन की वैसी मांग जो नियमों के अनुकूल है, उस पर विभाग द्वारा सहानुभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है और जल्द ही उस पर यथोचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यूनियन के नेताओं से जनहित को ध्यान में रखते हुए अपनी हड़ताल को अविलंब समाप्त करने की अपील की।
अनुरोध पर कमिटी गठित
वार्ता के मध्य यूनियन के नेताओं ने प्रधान सचिव से उनकी मांगों को लेकर एक कमेटी के गठन का अनुरोध किया। उसके उपरांत प्रधान सचिव ने तीन सदस्य कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में विशेष सचिव सह निदेशक, नगर पालिका प्रशासन निदेशालय, नगर विकास एवं आवास विभाग सतीश कुमार सिंह, निगम आयुक्त, पटना नगर निगम हिमांशु शर्मा और उपनिदेशक बुद्ध प्रकाश शामिल हैं।
कल निर्णायक दौर की वार्ता
हड़ताली यूनियन के नेताओं के साथ संध्या में कमेटी के सभी सदस्यों ने बैठक आयोजित की। सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई संघ के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता में संघ के नेताओं की सहमति से रविवार को फिर से निर्णायक बैठक आहूत करने का निर्णय लिया गया। वार्ता सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रही। कल निर्णायक दौर की वार्ता संपन्न होगी। वार्ता के मध्य यूनियन के नेताओं के द्वारा सकारात्मक रुख अपनाया गया।

About Post Author

You may have missed