नागालैंड चुनाव में राष्ट्रीय पार्टी बनने पर रहेगी जदयू की निगाह, 6 फ़ीसदी वोट के लिए ललन सिंह ने झोंकी ताकत

पटना। बगावती तेवर अख्तियार कर चुके उपेंद्र कुशवाहा बार-बार यह कहते नजर आ रहे हैं कि वह जदयू को नंबर वन पार्टी बनाने की कवायद में है। लेकिन, इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाने की कोशिश में हैं। ललन सिंह की कोशिश है कि बिहार विधानसभा के बजट सत्र के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए देश में घूमे तो जदयू राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी रहे। इसे लेकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह लगातार कवायद में जुटे हुए हैं। ये सब कुछ संभव हो पाएगा नागालैंड चुनाव के बाद। दरअसल, नागालैंड विधानसभा का चुनाव होने वाला है और जदयू के वोट परसेंटेज के मुताबिक उन्हें नागालैंड में 6% वोट लाना होगा या फिर 3 विधानसभा सीट जीतनी होगी। पिछली बार जदयू को नागालैंड में 5.6% वोट आया था। इस चुनाव में यदि जदयू 6% से ज्यादा वोट लेकर आता है तो पूरी संभावना है कि जदयू राष्ट्रीय पार्टी घोषित कर दी जाए। ललन सिंह को पूरी उम्मीद है कि वह इस मुहिम में कामयाब होंगे और इसी को लेकर वह लगातार नागालैंड में कैंप कर रहे हैं। 60 सीटों के लिए नागालैंड में 27 फरवरी को विधानसभा का चुनाव है। 7 फरवरी को नामांकन करने की अंतिम तारीख है।
भाजपा पर लगाया जनता को धोखा देने का आरोप
ललन सिंह ने भाजपा सरकार पर नगालैंड की जनता को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने समाधान का वायदा किया था। पर अब फिर वहीं बात कर रही है। इस दौरान कुछ उन्मीदवारों के नामों की भी घोषणा की गयी। चुनावी सभाओं को जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार झा, राज्यसभा सांसद अनिल हेगड़े, पार्टी के उत्तर पूर्व प्रभारी सह विधान पार्षद अफाक अहमद खान के अलावा नागालैंड जदयू के कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
नगालैंड में बढ़ी है जदयू की लोकप्रियता
जदयू अध्यक्ष ने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से नगालैंड में जदयू की लोकप्रियता निरंतर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में जदयू काफी बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने वादा किया कि जदयू नागा मुद्दे का समाधान सुनिश्चित करेगा। चुनावी सभाओं में शामिल विभिन्न जदयू नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए न्याय के साथ विकास की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने सुशासन और दृढ़ संकल्प के जरिये एक नये बिहार का निर्माण किया है। आज बिहार बिहार के गांव-गांव तक अच्छी सड़क है, लगातार बिजली मिल रही है, हर जिले में प्रोफेशनल एजुकेशन के नये संस्थान खुल गये हैं, और पूरे प्रदेश में लोग शांति एवं सद्भाव के साथ तरक्की की राह पर अग्रसर हैं।

About Post Author

You may have missed