PATNA : मंडप में ही दूल्हे को आया मिर्गी का दौरा, शादी कैंसिल; दूल्हा समेत बरातियों को बंधक बनाकर की पिटाई

दानापुर। राजधानी पटना से सटे दानापुर में मंडप में ही दूल्हे को मिर्गी का दौरा आ गया। दूल्हे को बेहोश देख दुल्हन दंग रह गई। वह जब तक कुछ समझ पाती लड़की वाले हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि दूल्हे को मिर्गी की बीमारी है। शादी कैंसिल कीजिए और शादी में लगे खर्च वापस कीजिए। शादी में लगभग 11 लाख रुपए खर्च हुए हैं। लड़के वालों ने इस बात विरोध करते हुए कहा कि लड़का स्वस्थ्य है, उसे कोई बीमारी नहीं है। यह सुनते ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने बारात में आए दूल्हा समेत लगभग 25 लोगों को बंधक बनाकर बुरी तरह पिटाई कर इसकी सूचना दानापुर थाने को दी है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा और दूल्हा समेत बाराती अपने घर लौटे।
हजारीबाग से आए थे बाराती
रविवार रात दानापुर के पंचशील नगर में झारखंड के हजारीबाग से लगभग 25 की संख्या में बाराती लड़की पक्ष के घर पहुंचे थे। देर रात दूल्हे ने गले में वरमाला डाला। सिंदूरदान के ठीक पहले अचानक लड़का मंडप में बेहोश हो गया। लड़के के अचानक इस तरह बेहोश होने पर लड़की के परिजनों ने सोचा कि लड़के को कोई गंभीर बीमारी है और इसे लेकर शादी के मंडप में ही हो हंगामा शुरू हो गया।
दूल्हे की मिर्गी वाली बात हम सब से छिपाई
लड़की पक्ष ने कहा कि लड़के वालों ने दूल्हे के मिर्गी वाली बात हम सब से छिपाई है। मंडल में सबके सामने दूल्हे को मिर्गी का दौरा आ गया, इसलिए यह अब शादी नहीं हो सकती है। इस पूरी शादी में उनका कुल 11 लाख रुपए का खर्च हुआ है और जब तक वह पैसा नहीं लौटाते हैं तब तक यहां से नहीं जाने दिया जाएगा।
दूल्हे का भाई बोला- ठंड लगने के कारण तबीयत बिगड़ी
दूसरी तरफ दूल्हे के भाई ने कहा कि उनके भाई को किसी तरह की कोई बीमारी नहीं है और वह मोबाइल दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करता है। ठंड लगने की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी गई और चक्कर खाकर गिर गया।
आपसी सहमति के बाद दोनों पक्ष बात माने
वहीं मामले पर दारोगा अर्चना कुमारी ने बताया कि लड़की पक्ष के लोग मुआवजे के रूप में शादी के खर्चे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आपसी सहमति के बाद दोनों पक्ष बातें मान गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

About Post Author

You may have missed