अखिलेश यादव के लिए पिता मुलायम सिंह यादव ने मागें वोट, बोले- प्रदेश के किसानों और नौजवानो की उम्मीदों को पूरा करेगी हमारी सरकार

यूपी। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने लम्‍बे अर्से बाद गुरुवार को जनसभा को सम्‍बोधित किया। वह मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर अपने बेटे और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के लिए लोगों से वोट की अपील करने पहुंचे थे। इस मौके पर मुलायम सिंह सपा की जीत के लिए ट्रिपल लेयर फार्मूला दिया। उन्‍होंने कहा कि किसान, व्‍यापारी और नौजवान ही मिलकर देश को तरक्‍की के रास्‍ते पर ले जाएंगे। मुलायम ने कहा कि सपा की नीति किसानों को प्राथमिकता देने की है। हमारा कहना है कि खाद बीज और सिंचाई का साधन उपलब्ध कराया जाए। पैदावार बढ़ेगी तो किसान की हालत सुधरेगी।

वही इस जनसभा में मुलायम सिंह यादव ने कहा की हमारे नौजवान इतने पढ़े लिखे हैं लेकिन आज बेरोजगारी है। उनकी नौकरी का इंतजाम होना चाहिए। मैं विश्वास दिलाता हूं सपा कि सरकार बनेगी तो नौजवानों की नौकरी का इंतजाम होगा। व्यापार नहीं है तो परिवार कैसे चलेगा। व्यापारियों को सुविधा दी जाए ताकि वह किसानों की पैदावार खऱीदें और उन्हें लाभ पहुंचाएं। व्यापारियों को सुविधा दी जाएगी तो किसान भी संपन्न होगा। किसान नौजवान और व्यापारी ये तीन मिलकर ही देश को मजबूत बनाएंगे। इसी से देश मजबूत होगा।

मुलायम सिंह के प्रचार पर अमित शाह का तंज़, बोले- इतनी आयु में नेताजी को प्रचार में उतार दिया

मैनपुरी की करहल सीट पर अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के गुरुवार गृहमंत्री अमित शाह ने प्रचार किया। शाह की सभा से कुछ ही दूरी पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी इस चुनाव में पहली बार मैदान में उतरे। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए वोट मांगा। बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने इस पर तंज भी कसा और कहा कि इतनी आयु में नेताजी को प्रचार में उतार दिया गया है। अमित शाह ने यह भी कहा कि करहल से अखिलेश यादव को हरा दीजिए, पूरे उत्तर प्रदेश से सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। शाह ने कहा, सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में 300 सीटें जीतकर सरकार बनानी है। इसके लिए 300 सीटें जीतनी पड़ेंगी ना। मैं आपको एक आइडिया बताता हूं, 300 सीट जीतने की जरूरत नहीं है। 300 सीट का काम एक ही सीट से हो सकता है। करहल में कमल खिला दो पूरे यूपी में सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

About Post Author

You may have missed