August 16, 2026

बहन से बात नहीं कराना पड़ा महंगा : जीजा ने साली को मारा चाकू, स्थिति गंभीर

पालीगंज (अजीत)। सनकी जीजा ने कुंवारी साली पर चाकुओं की बौछार कर दी। खून से लथपथ साली को परिजनों ने अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की माने तो उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल में मौजूद परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार साली की गलती महज इतनी ही थी कि पिछले करीब एक पखवाड़े से वह जीजा की बात अपनी बहन से नहीं करवा रही थी। जीजा मोबाइल से कॉल कर-कर के थक चुका था। साली के इसी रवैए से नाराज जीजा ने इस घटना को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक नौबतपुर थाने के कर्जा गांव निवासी कामेश्वर पासवान का बेटा जीजा सोनू कुमार की पत्नी लक्ष्मी को 20 दिन पूर्व प्रसव को लेकर एक निजी क्लीनिक में आपरेशन हुआ था। इसकी सूचना ससुराल वालों ने सोनू को दे दिया था। लक्ष्मी जब स्वस्थ हो गई और क्लीनिक संचालक ने डिस्चार्ज पेपर के साथ क्लीनिक का बिल लक्ष्मी को थमा दिया। भारी भरकम रकम देख लक्ष्मी की बहन (साली) पालीगंज थाने के लालगंज-सेहरा निवासी बली पासवान की 22 वर्षीय बेटी उमा ने अपने जीजा सोनू से क्लीनिक का बिल भरने के लिए पैसे भेजने को कहा। सोनू उमा की बातों पर ध्यान नहीं दिया और पैसे देने से साफ तौर पर मना कर दिया।
जीजा के इस गैर जिम्मेदाराना रवैए से नाराज साली ने जीजा के नंबर को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। दूसरे नंबर से कॉल करने के बाद भी सोनू अपनी पत्नी से बात नहीं कर पा रहा था। साली के इस कृत्य से जीजा को गुस्सा आ गया और सोमवार की शाम वह अपने ससुराल लालगंज-सेहरा आ धमका। ससुराल में लोगों ने जीजा सोनू को जमकर खरी- खोटी सुनाई। इसके बाद तो जीजा का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। वह अपनी जेब से चाकू निकाला और साली उमा पर प्रहार करने लगा। इस घटना में साली गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जारी है।

You may have missed