August 20, 2026

पटना में बड़ी वारदात : कोचिंग से लौट रहे छात्र की दिनदहाड़े हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने मारी तीन गोली, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बाढ़। पटना में सोमवार की दोपहर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है, जिससे पुलिस की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। बाढ़ थाना क्षेत्र के अचुआरा गांव के पास हथियारों से लैस बाइक सवार अपराधियों ने छात्र की ताबड़तोड़ गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर फरार होने में सफल रहे। हत्या की वारदात से इलाके में खलबली मच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गई है। मृतक की पहचान बाढ़ के हासन चक गांव का रहने वाला 17 साल का छात्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। छात्र की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिल रही प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हासन चक गांव का रहने वाला छात्र गोलू कुमार बाढ़ थाना अंतर्गत अचुआरा गांव के पास कोचिंग कर आटो से घर लौट रहा था कि इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े छात्र की एक के बाद एक तीन गोली उसके शरीर में दाग दी। जिससे गोलू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदेर्शन किया। इधर, सूचना मिलने पर बाढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच टेंपों से छात्र के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।

You may have missed