August 13, 2026

हाथरस कांड के बाद यूपी में दिल दहलाने वाली घटना, अमेठी में दलित प्रधान के पति को जिंदा जलाया

CENTRAL DESK : हाथरस कांड की आग अभी ठंढी भी नहीं हुई थी कि उत्तर प्रदेश में एक और दहलाने वाली घटना सामने आई है। जिससे योगी सरकार के सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर सवाल उठने लगा है। वहीं इस घटना के बाद बिहार चुनाव में भाजपा की योगी सरकार के बहाने भाजपा को घेरने का विपक्ष को मौका मिल गया है। यूपी के अमेठी में गुरुवार रात दलित प्रधान के पति को अगवा करके जिंदा जला दिया गया। रात को वो अधजली हालत में मिले। लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। इस बीच अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने इस मामले में दखल देकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना अमेठी जिला के मुंशीगंज के बंदोइया गांव की है। यहां ग्राम प्रधान छोटका के पति अर्जुन (40) गुरुवार सुबह घर से निकले थे। परिवार का आरोप है कि गांव के ही केके तिवारी, आशुतोष, राजेश मिश्रा, रवि और संतोष ने उन्हें अगवा कर लिया। अर्जुन काफी देर तक घर नहीं लौटे तो उनके बेटे सुरेंद्र ने पुलिस में इसकी सूचना दी। रात करीब साढ़े दस बजे अर्जुन ग्रामीण कृष्ण कुमार के अहाते में अधजली हालत में मिले। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया और आज सुबह उन्हें वहां से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। स्मृति ईरानी ने इस पूरे मामले की जानकारी ली है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
इस बीच मृतक का एक आडियो भी सामने आया है। इसमें वो उन्हीं लोगों पर खुद को जलाने का आरोप लगा रहे हैं, जिन पर उनके परिवार ने आरोप लगाया है।

You may have missed