बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पटना के बुद्ध स्मृति पार्क में सीएम और डिप्टी सीएम ने की पूजा अर्चना

पटना। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना और भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना के बुद्ध स्मृति पार्क में सीएम नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ ही बिहार सरकार के कई मंत्री शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज भगवान बुद्ध की 2567वीं जयंती के अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क में भगवान बुद्ध, बोधिवृक्ष एवं आनंद बोधि वृक्ष की पूजा-अर्चना की। बौद्ध भंते गौतम एवं रेवता भंते ने मुख्यमंत्री को पूजा अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि के सामने भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की, परिक्रमा की और ध्यान किया। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर विश्व शांति के लिए मंगल कामना की तथा राज्य एवं देश की सुख, समृद्धि एवं अमन चैन की कामना की। मुख्यमंत्री को बौद्ध भंते द्वारा बुद्ध स्मृति पार्क में प्रतिस्थापित बुद्ध की प्रतिमा तथा बोधगया का बोधिवृक्ष तथा श्रीलंका के अनुराधापूरम से लाये गए वृक्ष की पूजा अर्चना करायी गई। मुख्यमंत्री ने विपश्यना केंद्र जाकर वहां की सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां ध्यान भी किया। विपश्यना केंद्र के संचालकों ने विपश्यना केंद्र के निर्माण एवं वहां उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बुद्ध म्यूजियम का भी भ्रमण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने 1 अणे मार्ग स्थित आवास पहुँचकर बौद्ध शिला तथा बोधिवृक्ष की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरूणीश चावला, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बुडको के प्रबंध निदेशक धर्मेंद्र कुमार, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, बौद्ध भंते एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

बोधगया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए बिहार के राज्यपाल, दिया शांति का संदेश
वहीं बोधगया के विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में आयोजित विशेष पूजा समारोह में बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ ही बिहार सरकार कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत,पूर्व मंत्री सह बीजेपी विधायक डॉ प्रेम कुमार समेत अन्य गणमान्य शामिल हुए। इस अवसर पर बोधगया में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें देश विदेश के हजारों बौद्ध श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं मंदिर में भगवान बुद्ध का दर्शन और पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।

You may have missed