मुंगेर गोलीकांड पर कांग्रेस ने पीएम मोदी को घेरा, SP-DM के ट्रांसफर की लीपापोती से कुछ नहीं होने वाला

पटना। मुंगेर में दो दिन पहले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए गोलीकांड को लेकर विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार को घेरा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी से इस पर पांच सवाल पूछे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि चारों तरफ आगजनी-तोड़फोड़ होती रही, लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दे रहा था। इसके बाद भी 72 घंटे तक लोगों की मांग नहीं मानी गई और एसपी को नहीं हटाया गया। सुरजेवाला ने कहा कि मुंगेर के जलने के बाद एसपी-डीएम के ट्रांसफर की लीपापोती से कुछ नहीं होने वाला है।
सुरजेवाला ने पीएम मोदी से पांच सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि मुंगेर में दुर्गा पूजा विसर्जन में आए लोगों को जानवरों की तरह पीटने का जिम्मेदार कौन है? निहत्थे लोगों पर गोली चलाने और उन्हें घायल करने का जिम्मेदार कौन है? निर्दोष युवक को गोली मारकर शहीद करने का जिम्मेदार कौन है? 72 घंटे तक असली दोषी एसपी और कलेक्टर को बचाने का दोषी कौन है? जदयू और भाजपा के महाजंगलराज का जिम्मेदार कौन है?
सुरजेवाला ने इसके पहले ट्वीट करते हुए भी हमला किया। उन्होंने लिखा कि मुंगेर हिंसा निंदनीय है। इसके लिए जिम्मेदार कौन? आठ लोगों को गोली मारने का जिम्मेदार कौन? मां दुर्गा के भक्तों को जानवरों की तरह पीटने का जिम्मेदार कौन? साफ है, निर्दयी कुमार और निर्मम मोदी!

About Post Author

You may have missed