बिहार के लिए राहत वाली खबर: शनिवार को अब तक नहीं मिला कोरोना पॉजिटिव

गया। बिहार के लोगों के लिए शनिवार का दिन राहत वाली खबर लेकर आई है। बिहार में कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन शुक्रवार तक ऐसे मरीजों की संख्‍या बढ़कर 31 पर पहुंच गई है।
बिहार के गया जिले में विदेश से लौटी कोरोना वायरस से संक्रमित महिला के पति की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। गुरुद्वारा रोड की रहने वाली उक्त महिला के पति की जांच के लिए ब्लड सैंपल बुधवार को ही लिया गया था। शुक्रवार की रात में उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। इस तरह जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। उस मुहल्‍ले में शनिवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया और पूरे मुहल्‍ले को सैनिटाइज किया जा रहा है। इलाके पर पैनी नजर रखी जा रही है। 7 किलोमीटर के परिधि को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि संक्रमित महिला के पति के पॉजिटिव मिलने की सूचना प्राप्त होने के बाद अब उस क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी गई है। उक्त महिला हाल ही में दुबई से लौटी थी।
बता दें सबसे पहले शहर से सटे पहाड़पुर गांव के एक युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह युवक मुंगेर के मृतक के संपर्क में आया था। युवक के बाद उसकी मां व पत्नी भी गुरुवार को संक्रमित पाई गई थी। इन तीनों के साथ बुधवार को शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित मोहल्ले की एक महिला की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। इसके बाद नगर निगम ने दोनों क्षेत्रों को लॉकडाउन करके सैनिटाइज्ड करा दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कई अन्य लोगों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही तीन किमी परिधि के सभी लोगों को होम क्वारंटाइन करा दिया गया है।

About Post Author