August 12, 2026

PATNA : इवेंट मैनेजमेंट के छात्र की पंखे में लगे फंदे से लटकी मिली लाश

पटना। पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के मित्रमंडल कॉलोनी में एक छात्र ने पंखे में लगे फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। छात्र ने यह आत्मघाती कदम कब उठाया, इसकी भनक परिवार के लोगों को भी नहीं लगी। जबकि, मां और पिता समेत परिवार के सभी लोग घर पर ही मौजूद थे। फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जाने देने वाले स्टूडेंट का नाम शिवम ऋषि था। 21 साल का शिवम इवेंट मैनेजमेंट का स्टूडेंट था। अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। साकेत विहार इलाके में पिता शिव कुमार सिंह की फर्नीचर की दुकान है।
बताया जाता है कि बुधवार को पूरे दिन बाहर रहने के बाद देर शाम को शिवम वापस अपने घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। परिवार के अनुसार वह कभी भी कमरे का गेट अंदर से बंद करके नहीं सोता था, लेकिन कल ऐसा हुआ। गुरुवार की सुबह 7 बजे के करीब परिवार के लोगों ने देखा कि कमरे का गेट अंदर से बंद है। जब कमरे का गेट 9 बजे तक तक नहीं खुला। कमरे के अंदर किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं हुई तो परिवार परेशान हो गया। परिवार ने बाहर से शिवम को काफी आवाज लगाई। गेट पर काफी दस्तक दी, पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका को देख परिवार ने कमरे की खिड़की के लॉक को किसी तरह से खोला और फिर अंदर झांका तो नजारा देख सबके होश उड़ गए। शिवम की लाश कमरे में पंखे में बने फंदे से लटक रही थी। मां-पिता समेत वहां मौजूद लोग चींखने-चिल्लाने लगे। घटना की फुलवारीशरीफ थाने को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने कमरे को खंगाला। लाश को अपने कब्जे में लेकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, कमरे की तलाशी ली गई, किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरूआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। हालांकि इस प्वाइंट पर अभी जांच चल रही है।

You may have missed