एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ बेगूसराय न्यायालय ने जारी किया गिरफ्तारी का वारंट, जानें पूरा मामला

बेगूसराय। एकता कपूर अपनी वेब सीरीज XXX सीजन 2 को लेकर मुश्किलों में फंसती नजर आ रही हैं। एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ बेगूसराय न्यायालय की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। पिछले वर्ष इस सीरीज में दिखाए गए आपत्तिजनक सीन्स को लेकर बिहार के बेगूसराय कोर्ट में मामला दर्ज कराया गया था। अब सैनिकों के अपमान के इस मामले में एकता और शोभा कपूर के खिलाफ न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। दरअसल, इस वेब सीरीज में सैनिक की पत्नी के कई आपत्तिजनक सीन्स दिखाए गए थे, जिसे लेकर पिछले साल बिहार के बेगूसराय में एकता कपूर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। एकता पर आरोप लगा था कि उन्होंने वेब सीरीज में सैनिक और उनकी पत्नियों को गलत तरीके से दिखाया है, जिस वजह से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में बेगूसराय कोर्ट ने एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर को समन भेजकर कोर्ट में उपस्थित होने के आदेश दिए थे।
एकता कपूर ने दी थी अपनी सफाई
बताया जा रहा हैं की एकता कपूर ने इस मामले को लेकर अपनी सफाई भी पेश की थी। उन्होंने ने कहा था कि इस मामले में जानकारी जैसे ही उन्हें मिली उन्होंने तुरंत वेब सीरीज से इस सीन को हटवा दिया था। इसके साथ ही एकता ने अपनी गलती मानते हुए लोगों से माफी भी मांगी थी। वही इस मामले को सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष शंभू कुमार ने दर्ज कराया था। शंभू कुमार का कहना था कि भारतीय सैनिक खुद को खतरे में रखकर देश की सेवा करते हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान की नजरों से देखा जाना चाहिए लेकिन यहां तो उल्टा ही हो रहा है। सीरीज में भारतीय जवान और उनकी पत्नी को गलत तरीके से दिखाया गया है। बता दें एकता कपूर की ये वेब सीरीज साल 2020 में रिलीज की गई थी।

About Post Author

You may have missed