August 18, 2026

बेतिया में प्रेमी युगल का वीडियो ग्रामीणों ने किया वायरल, किशोरी ने की आत्महत्या, मां को आया हार्ट अटैक

बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में प्रेम-प्रसंग के शक में ग्रामीणों द्वारा की गई बर्बरता के बाद एक किशोरी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमी युगल के साथ की गई अमानवीय हरकतों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आहत किशोरी ने आत्महत्या कर ली, जबकि बेटी की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां को दिल का दौरा पड़ गया। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेतिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात ग्रामीणों ने प्रेम-प्रसंग के आरोप में एक किशोर और किशोरी को घर के पीछे स्थित बांसवाड़ी में पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए दोनों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान किशोरी किसी तरह वहां से भाग निकलने में सफल रही, लेकिन किशोर को ग्रामीणों ने एक पोल से बांधकर पूरी रात पीटा। कड़ाके की ठंड में उसके कपड़े उतार दिए गए और उसके शरीर के नाजुक हिस्सों पर भी हमला किया गया। इतना ही नहीं, शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने किशोर का सिर मुंडवा दिया, उसके चेहरे पर कालिख पोत दी और उसे पूरे गांव में घुमाया। इस पूरी बर्बरता का वीडियो ग्रामीणों ने मोबाइल फोन से बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैलने लगा और देखते ही देखते पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो वायरल होने से किशोरी गहरे मानसिक आघात में चली गई। लोक-लाज और अपमान के डर से टूट चुकी किशोरी ने शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। उस समय उसके माता-पिता किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। शाम को जब पिता घर लौटे और बेटी को फंदे से लटका देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। किशोरी की मौत की खबर जैसे ही उसकी मां को मिली, वह सदमे में आ गईं और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें बेतिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृत किशोरी के परिजनों ने इस पूरे मामले को आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या बताया है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी घर में सो रही थी, उसे जानबूझकर बुलाया गया और साजिश के तहत फंसाया गया। इसके बाद गांव वालों की क्रूरता और अपमान के चलते उसकी जान चली गई। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित किशोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश शामिल है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की पहचान भी की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज में भीड़तंत्र की मानसिकता और सामाजिक शर्म के नाम पर की जाने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार में हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था, सामाजिक सोच और मानवता तीनों पर गहरी चोट छोड़ी है।

You may have missed