पटना में तेज रफ्तार का कहर : फतुहा में अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पार कर रही महिला को रौंदा

फतुहा। पटना में तेज रफ्तार का कहर जारी है। परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति कर रही है, लेकिन वाहनों के तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। जहां बुधवार को महात्मा गांधी सेतु पर बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार गर्भवती महिला और उसकी तीन साल की बेटी को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और पति अस्पताल में जीवन-मौत से जूझ रहा है। वहीं दूसरी ओर फतुहा में अनियंत्रित ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया।


बुधवार को फतुहा के अतिव्यस्तम महारानी चौक पर तेज गति से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया। इस घटना में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फिर भी गंभीर रुप से जख्मी समझ स्थानीय लोगों ने तत्काल महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। 50 वर्षीय महिला लालती देवी अरविंद प्रसाद की पत्नी है, जो दनियावां थाना क्षेत्र के सलालपुर गांव की रहने वाली है। उधर, महारानी चौक पर कुछ लोगों ने ट्रक को घेर लिया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला की शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया।
बताया जाता है कि मृत महिला लालती देवी अपने पति अरविंद प्रसाद व अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ शादी समारोह में भाग लेने के बाद कच्ची दरगाह से वापस अपने गांव लौट रही थी। टेम्पो से उतरने के बाद दनियावां जाने वाली टेम्पो को पकड़ने के लिए सड़क के दूसरे तरफ जा रही थी, तभी अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद दिया। बताया जाता है कि मृतका के पांच बेटी व एक बेटा है। घटना के समय पति व छोटी बेटी प्रियंका कुमारी का रो रोकर बुरा हाल था। लोग सांत्वना देने में जुटे थे। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ करने में जुटी है।

About Post Author