बिहार के करीब 100 नगर निकायों के निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल समाप्त, चुनाव की तारीख का बेसब्री इंतजार

पटना। गुरुवार को बिहार के करीब सौ नगर निकायों के निर्वाचित बोर्ड के पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो गया, मगर चुनाव की तारीख अभी तक तय नहीं हुई। हां, चुनाव की तैयारी जरूर शुरू हो गई है। जब तक चुनाव नहीं हो जाते तब तक पांच साल का कार्यकाल पूरा कर चुके सभी शहरी निकायों की कमान प्रशासकों को दी जाएगी। नगर निगम में जिलाधिकारी, जबकि नगर परिषद व पंचायतों में अपर समाहर्ता को प्रशासक बनाया जा सकता है। एक-दो दिन में नगर विकास एवं आवास विभाग इससे जुड़ी अधिसूचना जारी कर सकता है।
सबसे अंत में खत्म होगा मुंगेर नगर निगम का कार्यकाल
नगर निकाय का पिछला चुनाव जून, 2017 में कराया गया था। इसी माह शेष नगर निकायों का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। पटना नगर निगम का कार्यकाल 19 जून को पूरा होगा। वहीं पटना जिले के नगर परिषद व नगर पंचायतों का कार्यकाल 21 जून को पूरा हो रहा है। सबसे अंत में 27 जून को मुंगेर नगर निगम का कार्यकाल पूरा होगा। जैसे-जैसे निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होगा, वैसे-वैसे उन शहरी निकायों में प्रशासकों को जवाबदेही मिल जाएगी।
नए शहरी निकायों में प्रशासक संभाल रहे कमान
राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ साल में करीब 125 नए शहरी निकायों का गठन किया है। इसके अलावा कई नगर पंचायतों को नगर परिषद व नगर परिषद को नगर निगम में उत्क्रमित किया गया है। इन नए शहरी निकायों के गठन की अधिसूचना जारी होने के बाद पिछले साल ही प्रशासकों को कमान सौंप दी गई थी। नगर निगम वाले निकायों की कमान जिलाधिकारी, जबकि नगर परिषद वाले निकायों की कमान अपर समाहर्ता संभाल रहे हैं।
चुनाव के लिए तैयार हो रही मतदाता सूची
इस बार का चुनाव कई मायनों में अलग होगा। पुराने नगर निकाय के साथ नवगठित शहरी निकायों में भी निर्वाचन की तैयारी जारी है। अभी जिलों में मतदाता सूची का प्रारूप तैयार करने का काम हो रहा है। पुराने शहरी निकायों में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख 23 जून, जबकि 84 नगर निकायों में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 25 जुलाई तय की गई है।

About Post Author

You may have missed