October 23, 2026

पटना में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगी गोली

पटना।राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में रजिस्ट्री ऑफिस के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना हो गई. तकियापर पुलिस चौकी से महज एक हजार मीटर की दूरी पर हुई इस घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया. गोलीबारी की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

 

घायल युवक की पहचान चित्रकूट नगर रोड नंबर-4 निवासी मुन्ना राम के पुत्र सागर कुमार के रूप में हुई है. उसके बाएं बांह में गोली लगी है. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया. घायल सागर कुमार ने बताया कि रजिस्ट्री ऑफिस के पास मूर्ति विसर्जन को लेकर शोभायात्रा निकाली जा रही थी. इसी दौरान दो-तीन युवक उसके दोस्त अमर के साथ मारपीट करने लगे. दोस्त को पिटता देख सागर बीच-बचाव करने पहुंचा. आरोप है कि उसी दौरान युवकों ने पिस्तौल निकालकर उस पर गोलीबारी शुरू कर दी.

 

सागर के अनुसार, एक गोली उसके बाएं बांह में लग गई. बदमाशों ने दूसरी गोली भी चलाई, लेकिन वह जान बचाने के लिए नीचे झुक गया, जिससे गोली उसकी कनपटी के पास से गुजर गई. इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. सागर ने कहा कि उसके दोस्त अमर के साथ किस विवाद को लेकर मारपीट हो रही थी, इसकी उसे जानकारी नहीं है. सागर ने कहा कि दोस्त अमर के साथ किसी विवाद को लेकर दो-तीन युवक उसके साथ मार पीटकर रहे थे. दोस्त को पिटता देख बीच-बचाव करने पहुंचा और इसी दौरान युवकों ने पिस्तौल निकालकर गोलीबारी शुरू कर दी.

 

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि स्मैक को लेकर भी दोनों गुटों के बीच विवाद चल रहा था. हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मौके से दो खोखे बरामद किए. अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि दो गुटों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना में एक युवक जख्मी हुआ है. घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं. मामले की छानबीन जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

You may have missed