गया जी में पुलिस एनकाउंटर- दरोगा के दो बेटों को गोली मारने वाले कुख्यातों को एनकाउंटर में पुलिस ने ठोंका..जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती..
गया जी।बिहार के गयाजी से बड़ी खबर सामने आई. जहां दरोगा के बेटों को गोली मारने वाले बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली मारी गई. घायलों को पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती कराया गया.बिहार के गया में दरोगा के दो बेटों पर गोली चलाने के मामले में पुलिस का एक्शन सामने आया. मामले के दो आरोपियों श्याम बिहारी और गौरव कुमार को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया. दोनों के पैरों में गोली लगी. उन्हें इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की थी. इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.

पूरा मामला गया जिले के मानपुर स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है. 19 अक्टूबर की देर रात, महानवमी के दौरान, सिद्धार्थपुरी कॉलोनी के पास नौरंगा आहार इलाके में बदमाशों ने दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दो बेटों पर गोली चला दी थी. सुधांशु शेखर मोतिहारी में दरोगा के पद पर तैनात हैं. इस घटना में उनके छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई थी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायल मोनू को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया था. बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की जानकारी सामने आई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

