आज शाम तक जेल से बाहर आएंगे संजय सिंह, आप कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को 6 महीने बाद जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उन्हें ट्रायल पूरा होने तक जमानत दे दी। हालांकि, औपचारिकताओं के पूरा नहीं होने की वजह से संजय सिंह की मंगलवार को रिहाई नहीं हो सकी। वह आज शाम तक ‘आजाद’ हो सकेंगे। संजय सिंह की रिहाई से आप कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। हालांकि, उनकी पत्नी ने कहा है कि जब तक केजरीवाल समेत तीनों बड़े नेता जेल से बाहर नहीं आ जाते हैं तब तक जश्न नहीं मनाया जाएगा। संजय सिंह की तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से वह इस समय अस्पताल में हैं। सुप्रीम कोर्ट का आदेश आज ट्रायल कोर्ट पहुंचेगा। राउज एवेन्यू कोर्ट संजय सिंह उन शर्तों को तय करेगा जिनका पालन संजय सिंह को जमानत पर रहते हुए करना होगा। बेल बॉन्ड भरने के बाद उनकी जमानत की रिहाई का आदेश ट्रायल कोर्ट से तिहाड़ जेल प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। इस बीच संजय सिंह को अस्पताल से डिस्चार्ज करके जेल ले जाया जाएगा। तिहाड़ में सभी औचारिकताओं को पूरा किया जाएगा। माना जा रहा है कि इन सभी के पूरा होने में शाम हो सकती है। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि संजय सिंह की रिहाई के बाद जश्न का कोई प्लान नहीं है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की रिहाई होने तक घर में कोई जश्न नहीं मनाया जाएगा। जब सभी नेता बाहर आ जाएंगे तो चारों मिलकर जश्न मना सकते हैं। अनीता सिंह ने बताया कि जेल से निकलने के बाद वह मंदिर जाएंगे और भगवान को धन्यवाद देंगे। बताया जा रहा है कि संजय सिंह मीडिया से बात कर सकते हैं। संजय सिंह के आम आदमी पार्टी दफ्तर जाकर कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करने की संभावना है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह आबाकारी घोटाले के मामले में बयानबाजी नहीं कर सकेंगे। लेकिन माना जा रहा है कि अपनी गिरफ्तारी को लेकर वह केंद्र सरकार पर हमलावर रुख अपना सकते हैं।

 

About Post Author

You may have missed