RLSP का JDU में होना था विलय, लेकिन कुशवाहा को अकेले छोड़ 3 दर्जन नेता चले गए RJD के संग, देखिए लिस्ट

पटना। बिहार की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा उलटफेर हुआ है। एक तरफ उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा के जदयू में विलय की चर्चा काफी दिनों से राजनीतिक गलियारे में चल रही थी। वहीं दूसरी ओर रालोसपा के वरीय लीडर समेत 35 नेताओं ने कुशवाहा का साथ छोड़ राजद की सदस्यता ग्रहण कर लिया है। रालोसपा के जदयू में विलय की चर्चा के बीच पार्टी के प्रभारी प्रेदश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव निर्मल कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ मधु मंजरी मेहता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय महतो सहित 3 दर्जन नेता राजद में शामिल हो गए। इन नेताओं का राजद की सदस्यता नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की उपस्थिति में दिलाया गया। बताते चलें कि रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी का विलय जदयू में कराने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक 14 मार्च को रालोसपा का विलय जदयू में हो जाएगा। इससे पार्टी के अंदर नेताओं में काफी नाराजगी है।


तेजस्वी ने उपेंद्र पर साधा निशाना
इस मौके पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अब रालोसपा में अकेले उपेन्द्र कुशवाहा रह गए हैं। भूदेव चौधरी पहले ही राजद में आ चुके हैं और राजद के टिकट से चुनाव भी जीते। तेजस्वी ने कहा कि कुशवाहा कहा करते थे कि नीतीश कुमार जैसा दोस्त जिसके पास हो, उसे किसी दुश्मन की जरूरत नहीं। उसी उपेन्द्र कुशवाहा को नीतीश कुमार अब अच्छे लगने लगे हैं। तेजस्वी ने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर नीतीश कुमार के खिलाफ कई आंदोलन उपेन्द्र कुशवाहा ने किए और जब बिहार बोर्ड की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं, शिक्षकों की बहाली सरकार नहीं कर रही है तो उपेन्द्र कुशवाहा को यह सब नहीं दिख रहा है। जिनके लिए नीतीश कुमार ने नीच शब्द का इस्तेमाल किया, वही उनके गुण गा रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा जी को धन्यवाद
उसके बाद तेजस्वी यादव ने सदस्यता दिलाते रालोसपा नेताओं की तस्वीर के साथ ट्वीट करते हुए लिखा, रालोसपा के संस्थापक सदस्यों, प्रदेश अध्यक्ष, प्रधान महासचिव, प्रदेश प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, राष्ट्रीय, प्रांतीय और बिहार इकाई के प्रमुख नेताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उपेंद्र कुशवाहा जी को पार्टी से निष्कासित कर रालोसपा का राजद में विलय करने पर सभी का हार्दिक स्वागत और धन्यवाद।

उपेन्द्र कुशवाहा को पार्टी से बर्खास्त कर दिया
समारोह में रालोसपा के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि हम सभी ने उपेन्द्र कुशवाहा को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है और रालोसपा का विलय राजद में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बापू सभागार में बड़ा कार्यक्रम होगा और छूटे हुए साथी भी राजद के साथ आ जाएंगे।
पहले 41 नेताओं ने दिया था इस्तीफा
बता दें बीते 6 मार्च को भी रालोसपा के 41 नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले रालोसपा नेता विनय कुशवाहा ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने समुदाय को गुमराह किया है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पार्टी के 90 फीसदी से भी ज्यादा कार्यकर्ता विलय के पक्ष में नहीं हैं।

About Post Author

You may have missed