पटना में रिश्ते का कत्ल : जमीनी विवाद में सहोदर भाई ने की हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

file photo

बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र में भाई पर ही भाई की हत्या निर्दयतापूर्वक किए जाने का आरोप लगा है। हत्या की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच करने में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक 35 वर्षीय राम कुमार पेशे से निजी मैजिक वाहन चालक था। जिसका अपने सहोदर भाईयों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को मौका ए वारदत पर दिए बयान में बताया कि गांव में मंगलवार को पूजा का आयोजन किया गया था, जिसमें सारे लोग व्यस्त थे। जिसके कारण कोई पुरुष सदस्य घर में नहीं था। इसी का फायदा उठाकर देर रात पूर्व से घात लगाए आधे दर्जन से अधिक की संख्या में आये अपराधियों ने घर के बाहर खड़ी मैजिक वाहन से सुुप्तावस्था में जबरन राम कुमार को खींच कर ले गए और सभी ने मिलकर मारपीट कर व गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार की अहले सुबह मृतक के घर के सामने के मकई के खेत में उसका शव मिला। जिसके बाद परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई। इसकी सूचना तत्काल अथमलगोला थाना अध्यक्ष को दी गई। जिसके उपरांत पहुंची टीम मामले की जांच में जुट गई है।


वहीं घटना से आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 को लालू चौक के निकट जाम कर दिया। कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित लोगों ने वरीय पदाधिकारियों से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की, हालांकि पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजनों के समझाने और आश्वासन मिलने के उपरांत ग्रामीण शव देने को राजी हुए। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बाढ़ सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। जिसमें मृतक के ही भाई एवं अन्य पर पीड़ित परिजनों द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय सरपंच और प्रबुद्ध ग्रामीणों द्वारा भूमि विवाद संबंधी मामले में कुछ ही दिन पूर्व पंचायत हुई थी, जिसे मृतक के परिजनों ने तो मान लिया था। लेकिन आरोपी पक्ष इस फैसले से नाखुश थे। इन सभी बिंदुओं को आधार मानकर छानबीन शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
इधर, मृतक के परिजनों ने बताया कि राम कुमार के व्यवहार कुशल होने के कारण उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। एक पुत्री और एक पुत्र के पिता रामकुमार की ससुराल कल्याणपुर डीह है। मृतक एक निजी विद्यालय के वाहन चालक का कार्य कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।

About Post Author

You may have missed