खबरें फतुहा की : शिविर का आयोजन, हादसे में तीन जख्मी, मारपीट कर किया जख्मी
बैंकों के सहयोग से शिविर का आयोजन
फतुहा। शुक्रवार को समसपुर में केसीसी योजना धारकों के उत्तम जानकारी देने हेतु फतुहा के बैंको के सहयोग से एक शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सौजन्य से आयोजित की गई। इस दौरान लाभुकों को इस योजना की विस्तृत जानकारी दी गयी तथा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए बैंकों से सहयोग देने की अपील की गई। इस मौके पर संयुक्त मत्स्य निदेशक निशाद अहमद, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी वृज किशोर सिंह, कनीय अभियंता मत्स्य विभाग अशोक कुमार सिंह, बैंक आॅफ इंडिया के क्रेडिट मैनेजर मनीष कुमार, स्टेट बैंक के क्रेडिट मैनेजर मेताली राय, केनरा बैंक के क्रेडिट मैनेजर सुमन प्रभाकर समेत कई लाभुक लोग मौजूद थे।

अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोग जख्मी
फतुहा। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में शुक्रवार को तीन लोग जख्मी हो गये। एक जख्मी का हालत चिंताजनक रहने के कारण पटना के लिए रेफर कर दिया गया। पहली घटना आरओबी के निकट पटना फोरलेन की है, जहां एक मैजिक वैन अनियंत्रित होकर बख्तियारपुर जाने वाली लेन में पलट गयी। इस पर सवार एक युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक चंडी के गौरी बिगहा निवासी मदन कुमार है, जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इसे रेफर कर दिया गया है। दूसरी घटना में फतुहा-दनियावां राजमार्ग पर कोल्हर के समीप हुई। अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक पर सवार दो लोग जख्मी हो गए। जख्मी युवक मसौढ़ी के गिरिजेश कुमार व मोनू कुमार है। इन दोनों का सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है।
विरोधियों ने ट्रैक्टर चालक को मारपीट कर किया जख्मी
फतुहा। शुक्रवार को नदी थाना क्षेत्र के गढोचक में खेत जोतने के क्रम में ट्रैक्टर का एक पहिया दूसरे खेत में चले जाने पर विरोधियों ने ट्रैक्टर चालक को मारपीट कर जख्मी कर दिया। जख्मी ट्रैक्टर चालक विवेक कुमार नदी थाना पहुंच छह विरोधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने उसका इलाज सीएचसी में कराते हुए मामले की छानबीन करने में जुटी है।

