रिशु श्री घोटाले में SVU की बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारी गिरफ्तार

पटना। बिहार के चर्चित रिशु श्री घोटाले मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में वित्त विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव मुमुक्षु चौधरी, भवन निर्माण विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता तारिणी दास तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार इन अधिकारियों पर सरकारी ठेकों और निर्माण कार्यों में अनियमितता, प्रभाव का दुरुपयोग कर कंपनियों को लाभ पहुंचाने तथा अवैध भुगतान और रिश्वतखोरी से जुड़े आरोप हैं। बताया जा रहा है कि ईडी की जांच और छापेमारी में सामने आए तथ्यों के आधार पर SVU ने मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज की थी। वहीं, इस मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव हंस की तलाश जारी है। सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान उनका पता नहीं चल सका और वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।अधिकारियों से पूछताछ के बाद आगे वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और संदिग्ध संपर्कों की भी जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

You may have missed