कोसी नदी में दर्दनाक हादसा: दरभंगा में किसानों से भरी नाव पलटी, 4 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। बुधवार की अहलेसुबह किरतपुर अंचल क्षेत्र के जमालपुर थाना अंतर्गत तरबारा घाट के पास कोसी नदी पार कर रहे किसानों से भरी एक छोटी नाव अचानक संतुलन बिगड़ने से नदी में पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव पर कुल 11 किसान सवार थे, जिनमें से 7 लोगों ने तैरकर और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अपनी जान बचाई, जबकि 4 किसान नदी की तेज धार में लापता हो गए हैं। लापता लोगों में अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालपुर क्षेत्र के कुबौल और तरबारा गांव के रहने वाले ये किसान हर दिन की तरह सुबह-सुबह कोसी नदी पार कर दियारा इलाके में मूंग की फसल तोड़ने के लिए जा रहे थे। जैसे ही नाव तरबारा स्पर (रिंग बांध) के पास पहुंची, नदी की तेज धार और पानी के दबाव के कारण नाव अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते नाव में पानी भरने लगा और वह बीच धारा में पलट गई। नाव पलटते ही नदी में डूब रहे लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े। ग्रामीणों की मुस्तैदी और साहस के कारण 7 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। नदी से बचाए गए लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए किरतपुर स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF (State Disaster Response Force) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को मौके पर बुलाया।बिरौल SDO शशांक राज ने बताया घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। SDRF की टीमें नदी में लापता 4 लोगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव प्रशासनिक मदद पहुंचाई जाएगी।


