सासाराम में पत्थर के अवैध खनन को रोकने गई वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने किया पथराव, गाड़ी के शीशे तोड़े, चार कर्मचारी घायल

सासाराम । जिला मुख्यालय सासाराम के मुफस्सिल थाना के कंचनपुर में वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने पथराव किया। पत्थरों के अवैध खनन को रोकने के लिए जब वन विभाग की टीम पहुंची तो उस पर पथराव किया गया। गाड़ी के शीशे तोड़ डाले गए।

साथ ही लाठी-डंडों से भी पिटाई की गई। इसमें चार कर्मियों को चोटें लगी हैं। इनमें पंकज कुमार गुप्ता, उत्तम कुमार, अशोक कुमार चालक व धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल लाया गया है।

वन कर्मियों ने बताया कि कई लोगों ने एकजुट होकर उनपर हमला किया। किसी तरह जान बचाकर वह लोग भागे हैं। बताते चलें कि सासाराम में पत्थर खनन पर रोक लगा दी गई है लेकिन फिर भी पत्थर माफिया अवैध तरीके से पत्थर का खनन करते हैं।

जिसको लेकर बुधवार को वन विभाग की टीम ने अवैध पत्थर खनन करने के खिलाफ छापेमारी करने गई तो वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इसमें वन विभाग के गाड़ी के शीशे टूट गए और वनकर्मी घायल भी हो गए हैं।

इसके पहले भी पत्थर माफियाओं ने पुलिस व वन विभाग और खनन विभाग पर हमला कर चुके हैं। फिलहाल उक्त जगह पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हमला करने वाले माफियाओं के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।

About Post Author

You may have missed