JDU के लिए 31 जुलाई अहम दिन : नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा तय, उपेंद्र और ललन में से होंगे एक

पटना। बिहार में जदयू के लिए 31 जुलाई का दिन काफी अहम होने वाला है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की होने वाली इस बैठक में जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा तय है। 31 जुलाई से पहले तमाम नेताओं को अपने कार्यक्रम निपटाने और बैठक में सभी नेताओं को शामिल होने का निर्देश दिया गया है। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, सांसद ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा सहित पार्टी के सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौर में उपेंद्र कुशवाहा और ललन सिंह का नाम शामिल है। इन दोनों में से किसी एक को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
राजनैतिक प्रस्ताव लाएगी
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एजेंडों को तय किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की क्या रणनीति रहेगी? किन मसलों पर पार्टी अगले 3 महीने काम करेगी? इस बैठक में जदयू अहम राजनैतिक प्रस्ताव भी लेकर आ सकती है। इन राजनीतिक प्रस्ताव में जातीय जनगणना और जनसंख्या नियंत्रण पर भी चर्चा किया जा सकता है।
आरसीपी को इसलिए छोड़ना होगा पद
बता दें जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री बन चुके हैं। अब वह सरकार और संगठन को बराबर समय नहीं दे पाएंगे। ऐसी स्थिति में एक व्यक्ति एक पद के तहत उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ना होगा और नए अध्यक्ष का चयन करना होगा।

About Post Author

You may have missed