केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में जदयू के शामिल होने के कयासों पर जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कही ये बात, जानें क्या

पटना । केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में जदयू के शामिल होने के कयासों पर जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने बड़ा बयान दिया है। जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा उन्होंने भी सुनी है। जदयू भी गठबंधन में शामिल है व उसमें एनडीए गठबंधन में शामिल होने के नाते जदयू को भी मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।

बता दें कि शुक्रवार से लगातार यह चर्चा तेज हो गई है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। मोदी कैबिनेट में फेरबदल की खबरों के बीच ही यह खबर भी सामने आई कि जदयू भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाला है। जदयू से दो मंत्रियों को बनाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आरसीपी सिंह का यह बयान बेहद महत्वपूर्ण है।

सूत्रों के अनुसार जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इसके लिए पीएम मोदी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से चर्चा भी की। वर्ष 2019 में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में कोई विस्तार नहीं किया है।

आरसीपी सिंह ने शनिवार को जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसमें पार्टी के कई पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे। इसके पहले आरसीपी सिंह ने शुक्रवार को पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक की थी और कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने का टास्क जदयू नेताओं को दिया था।

About Post Author

You may have missed