JDU कार्यकर्ताओं की पार्टी : बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों की घोषणा

पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कर्पूरी सभागार में बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टी के दो उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खां एवं राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह के नाम की घोषणा की है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोनों ही पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं, जो शुरूआती दौर से ही दल के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े रहे हैं। पार्टी ने इन्हें उम्मीदवार बनाकर आम कार्यकर्ताओं को पुन: एक बड़ी खुशी दी है। इससे पहले राज्यसभा उपचुनाव में भी पार्टी ने कार्यकर्ताओं को तरजीह देते हुए कर्नाटक से आनेवाले अनिल हेगड़े को और राज्यसभा की दूसरी सीट पर भी एक समर्पित कार्यकर्ता झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक खीरू महतो को उम्मीदवार बनाकर राज्यसभा भेजा था।
श्री कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को साधुवाद देते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव के लिए इन्होंने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को तरजीह देकर पार्टी के लिए काम करने वालों को सम्मानित करने का काम किया है। कहा कि जदयू कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यहां उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलता है। यही बात है जो जदयू को अन्य दूसरी पार्टियों से एक अलग पार्टी बनाती है। इस अवसर पर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी भी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed