BPSC पेपर लीक कांड : दिल्ली से बिहार के 2 समेत तीन गिरफ्तार, एक पेपर के लिए दो लाख रुपये

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू ने दिल्ली से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में 2 युवक बिहार के मधुबनी का रहने वाला है तो वहीं एक युवक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है। अब तक पेपर लीक मामले में कुल 14 गिरफ्तारियां हो चुकी है।
एक पेपर के लिए दो लाख रुपये
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से गिरफ्तार किए गए अपराधियों के तार सॉल्वर गैंग पिंटू यादव के साथ भी जुड़े हुए है। गिरफ्तार बिहार के दो युवक महेश और प्रवीण परीक्षा में डमी परीक्षार्थी के रूप में शामिल हुआ था तो वहीं उत्तर प्रदेश का रहने वाला अभिषेक त्रिपाठी सॉल्वर का काम करता था। तीनों दिल्ली में ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवकों को परीक्षा के दिन एक घंटे पहले 11 बजे ही प्रश्न पत्र मिल गया था। इन सभी ने प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के एक पेपर के लिए दो लाख रुपये लिए थे।
अब तक 14 गिरफ्तारियां
बीपीएससी पेपर लीक मामले में ईओयू की टीम अभी तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। महेश, प्रवीण और अभिषेक से पूर्व संजय कुमार, राजस्व पदाधिकारी राहुल कुमार, बड़हरा के बीडीओ जयवर्द्धन गुप्ता, कुंवर सिंह कालेज के प्राचार्य डॉ. योगेंद्र प्रसाद सिंह, कालेज प्रोफेसर सुनील कुमार सिंह, सहायक केंद्राधीक्षक अगम कुमार सहाय, कृषि विभाग के सहायक राजेश कुमार, निशिकांत कुमार राय, कृष्ण मोहन सिंह, सुधीर कुमार सिंह और अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
विभिन्न धाराओं के तहत बनाया गया आरोपित
ईओयू की टीम ने कांड संख्या 20/2022 दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, पद का दुरुपयोग, आइटी एक्ट तथा बिहार परीक्षा नियंत्रण अधिनियम 1981 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपित बनाया है।

About Post Author

You may have missed