August 21, 2026

फतुहा : वार्ड पार्षद के पति का शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम, सांत्वना देने वालों का लगा तांता, हाइवा ट्रक ने बाइक में मार दिया था टक्कर

फतुहा। बीते रविवार की देर शाम फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित छपाक वाटर पार्क के पास अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी थी। इस घटना में बाइक पर सवार नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड पांच के पार्षद पति व उनका बेटा जख्मी हो गए थे। जख्मी हालात में एनएच की एम्बुलेंस तत्काल दोनों को पटना के एक चर्चित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन थोड़ी देर बाद ही वार्ड पार्षद पति की इलाज के दौरान मौत हो गयी। हालांकि उनका बेटा इलाजरत है तथा सुरक्षित है। मृतक वार्ड पार्षद पति गोविंदपुर वार्ड पांच के पार्षद रंभा देवी के पति विनय भूषण गुप्ता उर्फ त्यागी बाबा थे।
बताया जाता है कि वे पटना एयरपोर्ट के पास हो रहे एक यज्ञ में शामिल होकर बाइक द्वारा अपने बेटे ओम राज के साथ फतुहा लौट रहे थे, तभी छपाक वाटर के पास उनकी बाइक में एक हाइवा ट्रक ने टक्कर मार दी। हाइवा ट्रक को चालक लेकर भागने में सफल हो गया। यह खबर आते ही नगर परिषद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गयी। अनेक वार्ड पार्षद शोक संवेदना के लिए उनके घर पहुंचने लगे। सोमवार की दोपहर जैसे ही शव को उनके पैतृक घर पहुंचने की सूचना मिली, वैसे ही प्रतिमान नगर परिषद के सभी वार्ड सदस्य के साथ सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता सैकड़ों की तादाद में पहुंचे और शव यात्रा में शामिल हुए। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

You may have missed