अग्निपथ के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह : मदन मोहन बोले- देश के नौजवानों के भविष्य में आग लगा रही मोदी सरकार

पटना। बिहार के अलग-अलग 243 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सत्याग्रह में कांग्रेस के तमाम नेता शामिल हुए। इसके लिए बजाप्ता राज्य मुख्यालय ने सबकी जिम्मेदारियां तय की थी। विधानसभा क्षेत्रों के लिए आॅबजर्वर नियुक्त किए गए थे। पटना में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा और वरिष्ठ नेता डॉ. कन्हैया कुमार ने खुद मोर्चा संभाला। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी संघर्ष का ऐलान किया है। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि इस योजना के जरिए सेना में स्थाई भर्ती बंद करने की साजिश की जा रही है। पार्टी का यह भी मानना है कि इस योजना से सेना की कार्यक्षमता प्रभावित होगी और नौजवानों का भविष्य चौपट होगा।
पटना सिटी में आयोजित सत्याग्रह में बोलते हुए मदन मोहन झा ने कहा कि देश ने पहली बार ऐसी सरकार देखी है जो देश के नौजवानों के भविष्य में आग लगा रही है। वहीं डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि यह गहरी साजिश है। देश के नौजवानों की देशभक्ति की भावना के साथ मजाक है। यह उस समय किया जा रहा है जब चीन की सेना हमारे बॉर्डर पर आ धमकी है।
प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने बताया कि राज्य भर में कांग्रेस का सत्याग्रह बेहद सफल रहा और अब बेरोजगार नौजवानों को इस सत्याग्रह आंदोलन से जोड़ा जाएगा। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ नवजवानों के सहयोग संघर्ष खड़ा किया जाएगा।

About Post Author