September 29, 2026

फतुहा : बंद घर की खिड़की का ग्रील तोड़ चोरों ने लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ

फतुहा। बीती रविवार की रात्रि पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के सोनारु पटेल नगर स्थित एक बंद घर की खिड़की का ग्रील तोड़कर चोरों ने करीब चार लाख रुपए के गहने व पचास हजार रुपए नकद चोरी कर ली। चोरी की इस घटना की जानकारी तब हुई जब घर मालिक राजीव कुमार सोमवार की सुबह इस मकान पर पहुंचे।
पीड़ित राजीव कुमार के मुताबिक घर के अंदर के तीन कमरों में सामान सब बिखरे पड़े थे। आलमारी व बक्से खुली पड़ी थी। घर के दक्षिण तरफ के एक कमरे की खिड़की का पूरा ग्रील गायब था। ऐसा प्रतीत होता है कि चोर इसी खिड़की के जरिए घर में घुसे तथा बारी बारी से तीन कमरों को खंगाल दिया। पीड़ित के मुताबिक आलमारी से पचास हजार रुपए गायब थे तथा उसकी पत्नी के बक्से से करीब तीन लाख रुपए के जेवरात भी गायब थे। इतना ही नहीं, पीड़ित राजीव कुमार के मुताबिक उसकी मां सुभाषिनी देवी के कमरे से भी करीब लाख रुपए की जेवरात चोरों ने चोरी कर ली। उसके मुताबिक यह घर कुछ दिनों से बंद पड़ा था। घर के लोग दनियावां स्थित अपने पैतृक गांव तोप में रह रहे थे। पीड़ित ने इस संदर्भ में थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है।

You may have missed