August 14, 2026

PATNA : भीड़ ने बाइक चोर को पकड़ खूंटे से बांध जमकर की पिटाई, इलाज के दौरान मौत

बिहटा। पटना के बिहटा में चोरी के आरोपी को पीट-पीटकर भीड़ ने अधमरा कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को लोगों ने उसे बाइक चोरी करने के आरोप में पकड़ खूंटे से बांध दिया और उसे तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। पिटाई के बाद पुलिस ने गंभीर हालत में चोर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की सलाह दी। इस बीच युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृत युवक की पहचान बिहटा के दरियापुर के राहुल कुमार (22) के रूप में हुई है।
लोगों का आरोप है कि युवक रात करीब 3 बजे एक घर से बाइक चोरी कर रहा था। लोगों ने उसे बाइक ले जाते देखा और रास्ते में पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट हुई। दो चोर भागने में सफल हो गए जबकि एक युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। जमकर पिटाई करने के बाद लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को लोगों के गिरफ्त से छुड़ा कर अस्पताल ले गई।
इधर, पुलिस का कहना है कि पहले भी बाइक चोरी के मामले उसपर केस दर्ज हो चुका है। करीब 6 महीने पहले वह आरा के चांदी गांव में बाइक चोरी करते पकड़ाया था, लेकिन उस समय वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
दानापुर एएसपी अभिनव धीमान ने बताया कि ग्रामीणों ने चोरी के आरोपी युवक की पिटाई कर दी। बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच ले जाया जा रहा था। लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed