बिहार में एनडीए गठबंधन सशक्त, आपस में मधुर है रिश्ता: विजेन्द्र यादव

* आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रकिया हेतु जारी होगी नयी गाइडलाईन: मदन सहनी
* जन सुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए तीन मंत्री


पटना। जदयू प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को कार्यकत्ताओं के दरबार में ऊर्जा तथा योजना एवं विकास मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री शीला मंडल तथा समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी सम्मिलित हुए। जन सुनवाई कार्यक्रम में तीनों मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निदान व समाधान किया, साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को उचित दिशानिर्देश दिया।
विरोधी तो कमजोर करने का प्रयास करेंगे ही
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री विजेन्द्र यादव ने महाराष्ट्र की घटना के संदर्भ में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि यह एक पार्टी का अंदरूनी मामला है, इस पर कोई टिप्पणी नहीं बनती। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि हर पार्टी को अपने संगठन की देखभाल करनी होगी, विरोधी तो कमजोर करने का प्रयास करेंगे ही। बिहार के संदर्भ में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन यहां सशक्त है, आपस में रिश्ता मधुर है।
बिहार और महाराष्ट्र की कोई तुलना नही
वहीं केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वो हमारे दल में हैं। बिहार और महाराष्ट्र की कोई तुलना नहीं है। यहां पार्टी के सभी लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध हैं। जो कोई पार्टी विरोधी कार्य करेगा, उसे अविलंब बाहर निकाला जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू हैं। श्रीमती मुर्मू इस्टर्न इंडिया की रहने वाली हैं, उड़ीसा और बिहार पहले एक ही राज्य था।
लगातार सीएनजी और बैट्री चालित बसों की हो रही खरीद
वहीं परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि 15 वर्ष पुरानी गाड़ियों को हटाने के मामले में राज्य सरकार काफी गंभीर है। राज्य पथ परिवहन निगम भी लगातार सीएनजी और बैट्री चालित बसों को खरीद रहा है। बड़ी संख्या में नयी गाड़ियां आ भी गयी हैं, आपको पुरानी गाड़ियां बहुत जल्द सड़क पर नजर नहीं आयेंगी। उन्होंने कहा कि हमलोग सड़कों पर यत्र-तत्र गाड़ियों को रोककर सवारी चढ़ाने एवं उतारने की परंपरा को समाप्त करने में भी लगे हुए हैं, इसमें आम लोगों का भी सहयोग अपेक्षित है।
आंगनबाड़ी केन्द्रों में काफी सुधार किये गए
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहले की तुलना में काफी सुधार किये गए हैं। वहां के खान-पान में भी परिवर्तन किया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के सेविकाओं आदि के चयन में लगातार मिल रही गड़बड़ी के आलोक में जल्द ही चयन प्रकिया में सुधार हेतु नयी गाइडलाईन जारी करने जा रहे हैं।
उक्त अवसर पर विधान पार्षद रवीन्द्र सिंह, मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार चंद्रवंशी, महासचिव अरुण कुमार सिंह एवं सचिव वासुदेव सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे।

You may have missed