पटना यूनिवर्सिटी में नए कैंपस निर्माण के लिए 89 करोड़ की राशि मंजूर, 4.5 एकड़ में बनेंगे 12 भवन
पटना। बिहार के सबसे बड़े पटना विश्वविद्यालय के एकेडमिक भवन निर्माण के लिए सरकार ने 89 करोड़ 42 लाख 25 हजार की राशि स्वीकृत की है। कार्यों को तत्काल शुरू करने के लिए 30 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये जाएंगे। भवन निर्माण कुलपति आवास से पूर्व की ओर खाली पड़े सवा चार एकड़ जमीन पर होगा। यहां पर एकेडमिक भवन भी बनेगा। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इसके लिए जल्द ही राशि आंवटित होगी।

इस संबध में पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गिरीश कुमार चौधरी ने बताया कि नए एकेडमिक भवन में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पूरा भवन कॉरपोरेट लुक में होगा। एकेडमिक भवन में सामाजिक संकाय व मानवीकी संकाय के सभी विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। अन्य विभाग भी उपलब्ध होंगे। वही वाणिज्य संकाय को पूरी तरह से दरभंगा हाउस में शिफ्ट कर दिया जाएगा। स्नातक बीकॉम और एमकॉम को सेपरेट कर दिया जाएगा। अभी वाणिज्य महाविद्यालय चार कमरों में चलाया जा रहा है। यहां छात्रों की संख्या 1500 के करीब है।
एकेडमिक और प्रशासनिक भवन का मास्टर प्लान तैयार
पटना विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के प्रभारी इंजीनियर सचिन दयाल ने बताया कि एकेडमिक भवन व प्रशासनिक भवन का पूरा मास्टर प्लान बनकर तैयार है। अब सरकार से एकेडमिक भवन की मंजूरी मिल गई है तो काम भी इसी साल में शुरू हो जाएगा। एकेडमिक भवन जी प्लस 12 स्टोरीज का होगा। यह कार्य बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम की ओर से किया जाएगा।

