February 16, 2026

मधेपुरा में वार्ड सचिव चुनाव के बीच आपस में भिड़े 2 गुट, खूब हुई मारपीट, 5 लोग घायल

बिहार। मधेपुरा में पंचायत चुनाव के बाद अब वार्ड सचिव पद के चुनाव में जगह-जगह मारपीट का मामला सामने आ रहा है। ताजा मामला सदर अनुमंडल के कुमरखंण्ड प्रखंड, श्रीनगर थाना क्षेत्र के इसराइन बेला पंचायत का है। यहां वार्ड क्रियान्वयन समिति के सचिव पद के लिए कुमरखंण्ड प्रखंड अंतर्गत इसराइन बेला पंचायत के वार्ड संख्या 1 में आमसभा चल रही थी। इस में सचिव पद के लिए चुनाव होना था। इस एक पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। लेकिन चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया।

विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट पर पहुंच गया। दोनों तरफ से जमकर हुई मारपीट में 5 लोगों को चोट आई। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक अस्पताल कुमरखंण्ड में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। जबकि एक की स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची श्री नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

You may have missed