February 22, 2026

बिहटा : गोदाम में भीषण अगलगी, एक करोड़ की संपत्ति जलकर राख

बिहटा। पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के अमहरा स्थित एक गोदाम में अचानक आग लग जाने से करीब 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार, अम्हारा स्थित मां विंध्यवासिनी इंटरप्राइजेज गोदाम में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग से गोदाम के अंदर रखें पिकअप वाहन सहित शारदा इंटरप्राइजेज, शंकर डिस्ट्रीब्यूटर, मारुति इंटरप्राइजेज एवं इंटरप्राइजेज एजेंसी के करीब 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई। इसमें किराना सामान, जेनरल स्टोर के सामान, 2 चार पहिया वाहन समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए।
गोदाम के पार्टनर रविशंकर ने बताया कि सुबह उन्हें अचानक सूचना मिली की गोदाम में आग लगी है। इसके बाद गोदाम पहुंचा तो देखा कि गोदाम में पूरी तरह आग लगी हुई है। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। अगलगी के कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। लेकिन लोग शॉर्ट सर्किट से अगलगी की बात कह रहे हैं।
बिहटा थाना प्रभारी ऋतुराज ने बताया कि अगलगी की सूचना के बाद फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। नुकसान के बाबत पूछे जाने पर बताया कि अभी तक थाना में किसी तरह का कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे यह आंकड़ा लगाया जा सके कि कितने का नुकसान हुआ है।

You may have missed