February 22, 2026

PATNA : 10 रुपए के कप के विवाद में बदमाशों ने चाय दुकानदार के सीने में दागी गोली, हालत गंभीर

पटना। राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में 10 रुपए के कप से शुरू हुए विवाद में बदमाशों ने एक चाय वाले के सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसका इलाज जारी है। घायल दुकानदार का नाम सुनील मेहता उर्फ काली है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंकड़बाग के पीसी कॉलोनी में सत्यम पार्क के पास सुनील मेहता की महादेव टी स्टॉल के नाम से उसकी दुकान है। चाय दुकान के पीछे ही चंद कदमों की दूरी पर झोपड़ी में सुनील और उसका परिवार रहता है। सोमवार की शाम सुनील अपनी दुकान पर था। उसकी पत्नी वहीं पर झाड़ू लगा रही थी। तभी वहां से गुजर रहे युवकों के पैर से चाय के कप में ठोकर लग गई और 10 रुपए का कप टूट गया। इसी पर विवाद हो गया। दुकानदार की पत्नी ने इस पर अपनी सख्त आपत्ति जता दी। इसके बाद युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज की। फिर बीच में आए उसके पति सुनील के साथ मारपीट की। मौके पर लोगों की भीड़ जुटते देख सारे बदमाश वहां से फरार हो गए। कुछ देर के बाद एक बाइक पर वही तीन बदमाश वापस आए। फिर चाय दुकानदार सुनील को टारगेट किया। उससे उसकी पहचान पूछते ही पिस्टल निकाल कर सीधे उसके सीने में एक गोली मारकर फरार हो गए। मौके पर हड़कंप मच गया। पत्नी, बहन के साथ-साथ आसपास के लोग पहुंचे और पास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। हालत गंभीर होने की वजह से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच ले जाया गया।
कंकड़बाग के थानेदार रविशंकर के अनुसार मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। वारदात स्थल पर जाकर टीम ने छानबीन की। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। अपराधियों की पहचान के लिए वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है। चाय दुकानदार और गोली मारने वाले बदमाशों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है।

You may have missed