प्रदेश में कोहरा बढ़ने से सुबह शाम बढ़ी ठंड; बने कोल्ड डे के हालात, नही मिलेगी राहत
पटना। बारिश होने के बाद एक बार फिर सूबे में ठंड में भारी बढ़ोतरी हुई है। हवा ने भी रुख बदला है और पिछले 24 घंटे में उत्तर पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। औरंगाबाद में देहरादून और जम्मू जैसी ठंड रही। यहां 4.2 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम पारा नीचे आया है। रविवार को शीतदिवस जैसी परिस्थतियां रहीं है। रविवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा जबकि औरंगाबाद का 6.7 डिग्री। देहरादून में जम्मू से ज्यादा ठंड रही और न्यूनतम पारा 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। राज्य में कई जगहों पर घना कोहरा रहा और दृश्यता काफी कम रही। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि कोहरे की सघनता पूरे प्रदेश में बनेगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तर बिहार में सोमवार को कोल्ड डे जैसी परिस्थितियां रह सकती हैं। हालांकि बाकी जगहों पर तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

राज्य भर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
सूबे में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट औरंगाबाद में रही, जहां 4.2 डिग्री पारा नीचे गिरा। पूसा में 3.5 डिग्री सेल्सियस पारा नीचे आया है। पटना में 2.2 डिग्री, नालंदा में 3.7 डिग्री, गया में 3.8 डिग्री, नालंदा में चार डिग्री, पश्चिमी चंपारण में 3.6 डिग्री, पूर्वी चंपारण में तीन डिग्री, मुजफ्फरपुर में 2.7 डिग्री, सीतामढ़ी में 1.7 डिग्री, सुपौल में दो डिग्री, पूर्णिया में 2.2 डिग्री, अररिया में 2.9 डिग्री, फारबिसगज में 3.2 डिग्री, बांका में 3.9 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 2.7 डिग्री, नवादा में चार डिग्री, सबौर में तीन डिग्री, शेखपुरा में 1.4 डिग्री कमी आई है। भागलपुर में 1.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान नीचे आया है।
17 शहरों का न्यूनतम पारा दस डिग्री से नीचे
राज्य के 17 शहरों का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे रहा। इनमें सीवान में 7.5 डिग्री, गया में 7.6 डिग्री, औरंगाबाद में 6.7 डिग्री, नवादा में 8.4 डिग्री, नालंदा में 8.4 डिग्री, बेगूसराय में 9.1 डिग्री, जमुई में 9.5 डिग्री, सहरसा में 9.1 डिग्री, फारबिसगंज में 3.2 डिग्री, पूर्णिया में 9.1 डिग्री, सबौर का नौ डिग्री, अररिया में 8.7 डिग्री, भागलपुर 9.5 डिग्री, शेखपुरा 9.4 डिग्री, पूसा में नौ डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ा
पटना सहित अधिकतर जगहों पर धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान दो डिग्री ऊपर चढ़ा है। पटना में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 20.6 डिग्री, गया का 0.6 डिग्री के साथ 20.7 डिग्री, भागलपुर में शनिवार की तरह अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 17.6 डिग्री, पूसा में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 19.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य भर में मुजफ्फरपुर में दिन सबसे ठंडा रहा।
अचानक महसूस हो रही ज्यादा ठंड
पिछले दिनों न्यूनतम तापमान ऊपर चढ़ने की वजह से ठंड में कमी आई थी। रविवार को तेज धूप निकलने से दिन में तापमान चढ़ा और शाम में तेजी से पारा नीचे गिरा। तापमान में आये बड़े अंतर की वजह से लोगों में ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। अगले दो दिनों में तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

