कांग्रेस को जबरदस्त झटका : RJD बिहार MLC चुनाव अकेले लड़ेगी, कांग्रेस से सिर्फ केंद्र में गठबंधन

नई दिल्ली/पटना। राजद ने एक बार फिर कांग्रेस को जबरदस्त झटका दिया है। बिहार विधान परिषद की खाली 24 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में कांग्रेस के साथ राजद का कोई गठबंधन नहीं रहेगा। शुक्रवार को एम्स में रूटीन चेकअप के लिए गए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने मीडिया से बातचीत में साफ कह दिया कि बिहार में एमएलसी का चुनाव राजद अकेले अपने दम पर लड़ेगा। कांग्रेस के साथ सिर्फ केंद्र में गठबंधन रहेगा। बताते चलें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी पूर्व में ऐसा संकेत दे दिया था, फिर भी कांग्रेस को उम्मीद थी कि कोई न कोई रास्ता निकल आएगा। यहां तक की दिल्ली में लालू-तेजस्वी से मुलाकात की जुगत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा एवं राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह जुटे थे, जो संभव नहीं हो पाया।
नेतृत्व बदलने की बात करने वाले मूर्ख
लालू प्रमुख ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दौरान तेजस्वी को राजद की कमान सौंपे जाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे लोग मूर्ख हैं, जो इस प्रकार की बात कर रहे हैं। भविष्य में क्या होगा और क्या नहीं, यह सब पहले ही लोग तय कर रहे हैं। केवल मूर्ख लोग ही ऐसी बात को फैला रहे हैं। दरअसल, कुछ मीडिया में खबर चल रही थी कि 10 फरवरी को पटना में प्रस्तावित राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दौरान तेजस्वी को कमान सौंप दी जाएगी। लालू ने कहा कि अगर डाक्टरों ने इजाजत दी तो वह 10 फरवरी को पटना जाएंगे, नहीं तो वर्चुअल तरीके से शिरकत करेंगे।
नीतीश नहीं चाहते विशेष राज्य का दर्जा
बिहार को विशेष राज्य के दर्जा के मुद्दे पर लालू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं चाहते हैं कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले। लालू ने कहा कि नीतीश कुमार ने कहा था कि जो हमें विशेष राज्य का दर्जा देगा, हम उसके साथ चले जाएंगे। चले भी गए, लेकिन अभी तक दर्जा नहीं मिला।

You may have missed