February 25, 2026

अररिया में चुनाव ड्यूटी पर मतदान कर्मी की हुई मौत, कारण साफ़ नही, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज़

अररिया, बिहार। अररिया में चुनाव ड्यूटी पर गए एक कर्मी की मौत हो गयी। जिले के जोकीहाट प्रखंड की घटना है। मतदान कर्मी की सिकटी प्रखंड के पार्टी नम्बर 49 बूथ संख्या 135 मध्य विद्यालय बरमसिया में अचानक मौत हो गई। मृत मतदान कर्मी मो एकबाल (59 वर्ष ) महलगांव थाना क्षेत्र के चौकता पंचायत के मछैला गाँव का रहने वाले थे। शनिवार देर रात उनकी मौत हो गयी। मो एकबाल मदरसा नूरूलहोदा मछैला केलाबाड़ी में कार्यरत थे। हाल ही में वे रिटायर्ड होने वाले थे। घटना की सूचना मिलने पर सिकटी थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुँच गई। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना के संबंध में मृतक के पुत्र रेजा ने बताया कि शनिवार को वे बाइक से चुनाव ड्यूटी के लिए उन्हें सिकटी प्रखंड ले गए थे। नौवें चरण में वहां सोमवार को चुनाव है। चुनाव सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दल के साथ वे बूथ पहुँचे। खाने खाने के बाद जब वे सोये तो अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। कुछ ही देर मे वह बेहोश हो गये। इस बीच मतदान दल के लोगों के मदद से उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकटी लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारण के बारे में कोई भी कुछ जानकारी नही दे रहा है। पुलिस छानबीन में जुट गयी है कि अचानक मौत कैसे हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही बात सामने आएगी।

You may have missed