February 14, 2026

चिराग ने किया बिहार के सारे प्रवक्ताओं, पैनालिस्टों और मीडिया प्रभारी की टीम भंग, 22 लोगों को पद से हटाया

पटना। बिहार में विधानसभा की दो सीटों पर मिली करारी हार के बाद लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से बिहार के सारे प्रवक्ताओं, पैनालिस्टों, मीडिया प्रभारी और सह मीडिया प्रभारी की टीम को भंग कर दिया है। कुल 22 लोगों को चिराग ने उनके पद से हटा दिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी के हवाले से एक लिखित आदेश भी जारी किया गया है। जिस टीम को चिराग पासवान के आदेश पर भंग किया है, उसमें 6 प्रवक्ता, 13 प्रवक्ता सह पैनालिस्ट, 1 मीडिया प्रभारी और 2 सह मीडिया प्रभारी शामिल थे।
चिराग ने इन्हें हटाया
प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेवारी 6 लोगों को मिली थी। जिनमें मो. अशरफ अंसारी, सुरेंद्र विवेक, राजेश भट्ट, अजय कुशवाहा, अमर आजाद और प्रो. विनीत सिंह शामिल हैं। अब इन सभी को इनके पद से हटा दिया गया है। इसी तरह जिन 13 पैनलिस्टों को हटाया गया है, उनमें साजेश पासवान, अमर सिंह कुशवाहा, नरेश प्रसाद, शोभा सिन्हा पासवान, संगीता तिवारी, राकेश रौशन, कृष्ण सिंह कल्लू, राजेश वर्मा, अभय सिंह, विकास मिश्रा, वेद प्रकाश पांडेय, चंदन सिंह और सुरभि ठाकुर शामिल हैं। इनके अलावा मीडिया प्रभारी कृष्ण सिंह कल्लू, सह मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा व रवि रंजन कर्ण को भी उनकी जिम्मेवारियों से मुक्त कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, चिराग पासवान की सहमति मिलने पर जल्द ही नए प्रवक्ताओं और पैनालिस्टों के नामों की घोषणा भी की जाएगी।

You may have missed