JDU में शामिल हुए RJD नेता धर्मेन्द्र कुमार, ललन सिंह बोले- RJD पार्टी नहीं बल्कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है
पटना। जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में शनिवार को आयोजित मिलन समारोह में राजद के टिकट पर कुम्हरार विधानसभा से चुनाव लड़े अत्यंत पिछड़ा समाज से आने वाले धर्मेन्द्र कुमार अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जदयू में शामिल हो गये। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की।
राजद सिर्फ परिवार की पार्टी
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने राजद से जदयू में आए धर्मेन्द्र कुमार और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राजद कोई पार्टी नहीं बल्कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है और सिर्फ परिवार की पार्टी है। उन्होंने कहा कि राजद का कोई भी सांसद या विधायक जब चाहे पार्टी के बड़े नेताओं से नहीं मिल सकता है। घंटों खड़ा रहने के बावजूद उन्हें मिलने की इजाजत नहीं मिलती है, ऐसी परंपरा सिर्फ राजद में है। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी का परिवार सिर्फ चुनावों के समय बिहार आता है और चुनाव खत्म होते ही दिल्ली कूच कर जाते हैं, न तो उन्हें पार्टी की चिंता है और न ही बिहार के लोगों की। कहा कि पार्टी में शामिल होनेवाले लोगों को जदयू में काम करने की पूरी आजादी मिलेगी।
संगठन को मजबूती मिलेगी
वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि डॉ. धर्मेन्द्र कुमार के पार्टी में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। जिस तरह से धर्मेन्द्र कुमार ने जदयू में अपनी आस्था जतायी है पार्टी भी उनका और उनके समर्थकों के मान सम्मान का पूरा ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो मिशन है उसे पूरा करने में धर्मेन्द्र कुमार अपना पूरा सहयोग देंगे।
इस अवसर पर सांसद दुलालचंद गोस्वामी, चंदेश्वर चंद्रवंशी, मंत्री श्रवण कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, मुख्य प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार, प्रदेश प्रक्वता अभिषेक झा, निखिंल मंडल, रणविजय सिंह, शक्ति शोला समेत कई गणमान्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


