फतुहा : पंचायत प्रत्याशियों में चुनाव चिह्न आवंटित, कोई चलाएगा ‘टेम्पो’ तो कोई दिखाएगा विकास का ‘टार्च’

  • मोती का माला, ढोलक, कलम दावात, पुल से लेकर मोटर साइकिल, बल्ब, नल चुनाव चिन्ह मिला

फतुहा। बुधवार को पटना के फतुहा प्रखंड परिसर में पंचायत चुनाव के नामांकित प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। जिला परिषद के लिए 20 प्रकार के चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। मुखिया के लिए 36 प्रकार के चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। वार्ड सदस्य के लिए 20 प्रकार के चुनाव चिह्न तो सरपंच के लिए 21 प्रकार के चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। वहीं पंच व पंचायत समिति के लिए दस-दस प्रकार के चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। इस प्रकार जहां जिला परिषद के प्रत्याशियों को स्लेट, सिलाई मशीन व प्रेशर कुकर जैसे चुनाव चिह्न आवंटित किए गये, वहीं मुखिया के प्रत्याशियों के बीच मोती का माला, ढोलक, कलम दावात, टेम्पो, नदी पर बना पुल जैसे चुनाव चिह्न दिए गए। सरपंच के लिए मोटर साइकिल, बल्ब, नल तो पंच के लिए गुड़िया, चापाकल, कुर्सी, टार्च जैसे चुनाव प्रतीक का वितरण किया गया। पंचायत समिति व वार्ड सदस्य के लिए भी चुनाव चिह्न बांटे गए। हालांकि वितरण में शाम हो जाने के कारण कई प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न नहीं मिल पाया है।


बीडीओ धर्मवीर कुमार ने बताया कि नामांकित प्रत्याशी जो चुनाव चिह्न से वंचित रह गये हैं, उन्हें यथाशीघ्र चुनाव चिह्न दे दिये जायेंगे। चुनाव चिह्न को लेकर प्रखंड परिसर में प्रत्याशियों के बीच दिनों भर गहमा गहमी बनी रही। चुनाव प्रचार सामग्री की भी दुकानें प्रखंड परिसर में सजी रही।
17 और लड़ाई से हटे, 1476 प्रत्याशी चुनावी मैदान
फतुहा। बुधवार को चुनाव चिह्न मिलने से पहले कुल 17 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसमें मंगलवार को पहले ही सात प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। अब मुखिया के चार, पंच के दो, पंचायत समिति के पांच तथा वार्ड के छह प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जिला परिषद को छोड़कर कुल 1476 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपने भाग्य अजमाने के लिए डंटे रह गये।

You may have missed