February 25, 2026

फतुहा : सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार 45 वर्षीय महिला की मौत, लोगों ने किया सड़क जाम

फतुहा। बुधवार को पटना के फतुहा-दनियावां राजमार्ग पर फतुहा थाना क्षेत्र के नयका रोड के पास सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई तथा बाइक चला रहे महिला का रिश्तेदार जख्मी हो गया। हालांकि महिला को स्थानीय लोगों के द्वारा तत्काल दनियावां के पीएचसी में भर्ती कराया गया तथा वहां से पटना के लिए रेफर भी किया गया, लेकिन महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। इस खबर की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग व महिला के परिजन आक्रोशित हो गए तथा नयका रोड के पास सड़क को घंटों जाम कर दिया। जानकारी होते ही फतुहा थाना एसएचओ मनोज कुमार सिंह अपने दल बल के साथ पहुंचे तथा आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटाया। मृत महिला नालंदा जिला हिलसा थाना क्षेत्र के मीना बाजार निवासी दिलीप प्रसाद की पत्नी मालती देवी है।


घटना के बारे में बताया जाता है कि महिला अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक द्वारा किसी रिश्तेदार के निधन हो जाने पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए बैकटपुर आयी थी। वहां से निपटने के बाद वह रिश्तेदार के साथ ही बाइक द्वारा वापस अपने घर लौट रही थी तभी नयका रोड के पास आगे एक बस के अचानक रुक जाने से उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक जब तक संभलती तब तक पीछे से आ रही एक ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। इसी घटना में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए उसके खलासी को हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि खलासी ही ट्रक को चला रहा था। एसएचओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सड़क जाम करने वालों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed