बिहार चुनाव : जीतन राम मांझी ने विवादित बयान देकर सीएम नीतीश के लिए पैदा की मुश्किलें
पटना। जदयू के कोटे से मिली सीटों पर चुनाव लड़ रही हम पार्टी के नेता और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने बिहार चुनाव के बीच ऐसा बयान दे दिया है, जो नीतीश सरकार के लिए चुनाव के आगामी पड़ावों में मुश्किलें पैदा कर सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी कानून पर जीतन राम मांझी ने विवादित बयान देते हुए कहा है कि शराबबंदी कानून से बिहार में सिर्फ गरीबों को परेशान किया गया। जबकि इस कानून से किसी भी माफिया पर कार्रवाई नहीं हुई है।
चुनावी रैली से पहले मीडिया से बात करते हुए मांझी ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून ठीक है, लेकिन इसका इम्पलिमेंट गलत तरीके से किया जा रहा है। मांझी ने आगे कहा कि इस कानून से सिर्फ गरीबों को पकड़ा जा रहा है, जबकि माफिया लोग अब भी बाहर खुले में घूम रहे हैं। मांझी ने कहा कि सरकार आने के बाद कानून में बदलाव किया जाएगा और इसके लिए हम सीएम से बात करेंगे।


