पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी कर जनता को महंगाई से राहत दे सरकार: अरुण यादव
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल कम्पनियों को लाभ पहुँचाने के लिए पेट्रोल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया है, जबकि डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। इससे पेट्रोल-डीजल उपभोक्ताओं और आम जनता को काफी उम्मीदें थीं कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी भारी कमी होगी और महंगाई से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने कमरतोड़ मंहगाई से त्रस्त आम जनता को राहत नहीं देकर क्रूर मजाक किया है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार के डिक्शनरी में आम जनता और गरीबों को कमरतोड़ महंगाई से राहत देना है ही नहीं। गरीबों को लूटो और उद्योगपतियों, पूंजीपतियों का जेब भरो वाली नीति पर काम करती है मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को अगर थोड़ी सी भी आम जनता की चिंता है, तो अविलंब पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी कर जनता को महंगाई से राहत दें। राजद प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के पहले पेट्रोल 55 रुपया लीटर और डीजल 45 रुपया लीटर मिलता था, वहीं आज मोदी सरकार में पेट्रोल 100 रुपया लीटर और डीजल 90 रुपया लीटर मिल रहा है। 2014 के पहले घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपया में मिलता था, वहीं आज 11 सौ रुपया में मिलता है। 2014 के पहले की तुलना में हर चीज कई गुना महंगी हो गई है। जबकि नरेंद्र मोदी ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था, क्या यही अच्छे दिन है?


