छपरा जहरीली शराब कांड में मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

  • गिरफ्तारी के बाद पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में आरोपी जख्मी
  • जिले में विशेष अभियान के दौरान 43 आरोपी गिरफ्तार, 1346 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त

छपरा। बिहार के छपरा में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज महतो को मुठभेड़ में घायल कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष जांच दल द्वारा कटिहार से छपरा लाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस मुठभेड़ में सूरज महतो के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ सोमवार सुबह पानापुर और मशरक थाना क्षेत्र की सीमा पर कर्णकुदरिया गांव के पास हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन से लाया जा रहा था। इसी दौरान उसने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी और मौके से भागने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस की गोली लगने से सूरज महतो घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छपरा जिले के मशरक और पानापुर इलाके में हाल ही में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस कांड में अब तक पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। इसके अलावा मशरक क्षेत्र में आठ लोगों की आंखों की रोशनी जाने की भी खबर सामने आई है। माना जा रहा है कि यह सभी लोग जहरीली शराब के सेवन के कारण प्रभावित हुए हैं। मृतकों में एक शराब कारोबारी रघुबर महतो का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने उसे पहले गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में पुलिस अभिरक्षा के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में छपरा जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। इस अभियान के दौरान शराब कारोबारियों समेत कुल 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार शराब सेवन के आरोप में 12 लोगों को पकड़ा गया, जबकि अवैध शराब कारोबार से जुड़े 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बाल संरक्षण कानून के तहत एक आरोपी, वारंट के दो अभियुक्त, हत्या के प्रयास के दो आरोपी, शस्त्र अधिनियम के एक आरोपी और साइबर धोखाधड़ी के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। चोरी के दो मामलों में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य मामलों में सात लोगों को हिरासत में लिया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 1346.5 लीटर अवैध शराब जब्त की। इसमें 146.3 लीटर देशी शराब और 1200.2 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा शराब के अवैध कारोबार में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, दो चारपहिया वाहन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने एक मोबाइल फोन, एक अपहृत महिला और ताश का एक सेट भी बरामद किया है। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वाहन जांच अभियान के दौरान 113 वाहनों से कुल 2 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम पुकार सिंह ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

You may have missed