डेकोरेशन दुकानदार से छीनतई, गांजे के साथ बाइक जब्त
चार किलो गांजे के साथ बाइक जब्त, तस्कर फरार
फतुहा। गुरुवार को नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह स्थित पीपा पुल के पास से चार किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है। लेकिन तस्कर भागने में सफल हो गया। नदी थाना प्रभारी सकेंद्र कुमार बिंद के अनुसार पीपा पुल पर जब वाहनों की चेकिंग की जा रही थी तभी एक युवक बाइक छोड़कर पीछे की ओर फरार हो गया। बाइक की जब तलाशी ली गई तो बाइक के डिक्की से चार किलो गांजे की एक पैकेट बरामद किया गया। उनके अनुसार इस संदर्भ में बाइक मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
मारपीट कर बदमाशों ने डेकोरेशन दुकानदार से छीने रुपये
फतुहा। बीते रात्रि स्थानीय कबीर मठ के पास बदमाशों ने मारपीट कर एक डेकोरेशन दुकानदार से पांच हजार रुपये छीन लिए। इस मामले में पीड़ित दुकानदार दरियापुर निवासी बैजनाथ सिंह ने बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता है कि पीड़ित दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर की ओर जा रहे थे तभी बदमाश वहां पहुंच गए और मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनके पास से पांच हजार रुपये छीन लिए। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।


